पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी की तबीयत अचानक काफी अधिक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल पटना के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया।
यह संयोग ही था कि मांझी फिलहाल पटना में थे, इसलिए उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। पूर्व सीएम अपना अच्छा-खासा वक्त गया में और अपने गांव पर भी गुजारते रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रवक्ता डा. दानिश रिजवान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि अब अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मांझी का शुगर लेवल बढ़ा हुआ है। इसी वजह से वे असामान्य महसूस कर रहे थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मांझी होश में रहकर सभी आने-जाने वालों से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, डाक्टरों ने उन्हें आराम करने को कहा है।