पटना: 17 नवंबर 2024 का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। राजधानी पटना के गांधी मैदान में ब्लॉकबस्टर साउथ फिल्म पुष्पा 2 का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज किया गया। इस कार्यक्रम में फिल्म के मुख्य अभिनेता अल्लू अर्जुन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपनी मौजूदगी से माहौल को खास बना दिया। इस दौरान रश्मिका ने भोजपुरी अंदाज में दर्शकों का अभिनंदन करते हुए पटना के लोगों का दिल जीत लिया।
रश्मिका का भोजपुरी अंदाज
कार्यक्रम में रश्मिका मंदाना ने मंच पर आते ही भोजपुरी में फैंस का अभिवादन किया। उन्होंने कहा, “का हाल बा?” जैसे ही ये शब्द दर्शकों के बीच पहुंचे, वहां मौजूद हजारों फैंस खुशी से झूम उठे। इसके बाद रश्मिका ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब ठीक बानी,” और अपनी फिल्म पुष्पा 2 देखने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, “आप सब 5 दिसंबर को फिल्म जरूर देखिएगा।” इस सादगी और आत्मीयता भरे अंदाज ने पटना के लोगों को भावुक कर दिया। जाते-जाते रश्मिका ने मंच से ‘आई लव यू’ कहकर फैंस को और भी खास महसूस कराया।
अल्लू अर्जुन का भावुक पल
इस कार्यक्रम में अल्लू अर्जुन ने भी फैंस के लिए खास पल बनाए। उन्होंने अपने संवाद “पुष्पा झुकेगा नहीं” को बदलते हुए कहा, “पुष्पा झुकेगा नहीं, लेकिन आज पटना वालों के सामने झुकेगा।” उन्होंने दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए झुककर अभिनंदन किया। अल्लू अर्जुन ने हिंदी में अपनी बात रखते हुए कहा, “मेरी हिंदी बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन मैं आपका धन्यवाद करता हूं।”
गांधी मैदान में उमड़ा फैंस का सैलाब
कार्यक्रम में फ्री पास मिलने के कारण पटना के गांधी मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी नहीं की थी, जिससे भीड़ को संभालने में परेशानी हुई। दर्शकों का उत्साह इतना था कि लोग वॉच टावर पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, लेकिन फैंस का जोश देखते ही बन रहा था।
बिहार में फिल्म सिटी की उम्मीदें
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम ने बिहार में फिल्म सिटी की मांग को भी मजबूती दी है। लंबे समय से राज्य में फिल्म सिटी बनाने की बात चल रही है, और इस कार्यक्रम ने इस दिशा में नई उम्मीदें जगाई हैं।
पुष्पा 2 का यह ट्रेलर लॉन्च न केवल एक प्रमोशनल इवेंट था बल्कि पटना और बिहार के फैंस के साथ एक अनोखा जुड़ाव भी साबित हुआ।