DESK: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इन दिनों एक कानूनी मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल, बेगूसराय की एक अदालत ने उन्हें और उनके मैनेजर विपिन सिंह को कोर्ट में उपस्थित होने का आदेश दिया है। मामला 2023 के एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसमें अक्षरा सिंह पर आपराधिक विश्वासघात (धारा 406) और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने (धारा 427) का आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला समस्तीपुर जिले के सिंधिया गांव का है, जहां 24 अक्टूबर 2023 को दुर्गा पूजा समिति नगमा के तहत एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए अक्षरा सिंह को 5 लाख 51 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। बताया जा रहा है कि जब अक्षरा मंच पर रात 12 बजे परफॉर्म करने आईं, तो करीब 12:30 बजे दर्शकों ने उन पर पैसे फेंकने शुरू कर दिए। इससे नाराज़ होकर अक्षरा सिंह ने माइक पटक दिया और मंच छोड़कर चली गईं।
अदालत में दर्ज हुआ मामला
इस घटना के बाद आयोजक शिवेश मिश्रा, जो खुद भी लोक गायक हैं, ने बेगूसराय कोर्ट में अक्षरा सिंह और उनके मैनेजर विपिन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। उन्होंने अपने और गवाहों के बयान अदालत के समक्ष दर्ज कराए। अदालत ने सबूतों की जांच के बाद दोनों को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
कोर्ट की सुनवाई में क्या हुआ?
बेगूसराय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ओम प्रकाश ने शनिवार को मामले की सुनवाई की और संज्ञान लेते हुए आदेश पारित किया। अधिवक्ता गोपाल कुमार ने बताया कि कोर्ट ने अक्षरा सिंह को सदेह उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। यह मामला अब कोर्ट में सुनवाई के लिए तय हो गया है और अगली पेशी की तारीख पर दोनों पक्षों की उपस्थिति जरूरी मानी जा रही है।
खेसारी लाल यादव और कोमल सिंह का नया बोल्ड सॉन्ग “Mood Naikhe” यूट्यूब पर मचा रहा धमाल