बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तांत्रिक के वेश में छिपा सीरियल रेपिस्ट महिलाओं को झाड़-फूंक के बहाने शिकार बना रहा था। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी ओझा शिवशंकर साह को पुलिस ने सात महीने की गर्भवती महिला से बार-बार दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी दो अन्य महिलाओं के साथ इसी तरह की घिनौनी हरकत कर चुका है।
झाड़-फूंक के नाम पर करता था गंदी हरकत
पीड़िता की ओर से दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि वह तरियानी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। 22 जून को आरोपी ओझा ने झाड़-फूंक के बहाने महिला को उसके पति सहित बुलाया। रात में झाड़-फूंक करने के बहाने महिला के पति को बांसवारी के पास बैठा दिया और खुद उसे चौर में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं था — ओझा पहले भी दो बार इसी तरीके से उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था।
तीसरी बार की दरिंदगी के बाद बिगड़ी हालत
तीसरी बार दुष्कर्म के बाद गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई और उसे अधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने उसे तुरंत मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मेडिकल थाना ओपी की पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़िता का बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर सिवाईपट्टी थाने में केस दर्ज किया गया।
आरोपी ने कबूला गुनाह, भेजा गया जेल
सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह आरोपी के मधयपुर स्थित घर में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने गुनाह कबूल कर लिए हैं। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी पुष्टि की कि डॉक्टरों ने मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि की है।
पहले भी महिलाओं से कर चुका है दुष्कर्म
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी तांत्रिक पहले भी कई महिलाओं को झाड़-फूंक के नाम पर अपनी हवस का शिकार बना चुका है। कई महिलाओं ने शर्म और सामाजिक बदनामी के डर से चुप्पी साध ली थी, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ता गया। कुछ मामलों में महिलाओं ने मौके पर विरोध किया, जिससे झड़प की घटनाएं भी हुईं। लेकिन अब पीड़िता की बहादुरी और एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जुटी अन्य मामलों की तहकीकात में
फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी शिवशंकर साह ने कितनी और महिलाओं को अपना शिकार बनाया। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और उन पुराने मामलों को भी खंगाला जा रहा है जिन्हें कभी लोकलाज में दबा दिया गया था। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस बार आरोपी को सजा दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी ताकि समाज में ऐसे ढोंगी तांत्रिकों से महिलाएं सुरक्षित रह सकें।