Patna | TopBihar.com — बिहार की राजनीति में चुनावी साल में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश साहनी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। 2020 विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का साथ छोड़कर NDA का दामन थामने वाले साहनी अब एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो उन्होंने बीती रात बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से गुपचुप मुलाकात की है।
इस मुलाकात के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अभी तक महागठबंधन के सहयोगी रहे मुकेश साहनी तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करते हुए खुद को डिप्टी सीएम पद का दावेदार बताते रहे हैं। लेकिन अगर उन्होंने NDA में वापसी की राह पकड़ी, तो यह महागठबंधन और खासकर तेजस्वी यादव के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता है।
बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव में भी मुकेश साहनी ने शुरुआत में तेजस्वी यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की योजना बनाई थी। लेकिन सीट बंटवारे को लेकर दोनों के बीच मतभेद हुआ, जिसके बाद साहनी ने महागठबंधन का साथ छोड़कर NDA का दामन थाम लिया था। बाद में कुछ विवादों के चलते वे NDA से भी बाहर हो गए और उनके अधिकांश विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे।
इधर, पशुपति कुमार पारस भी महागठबंधन की ओर झुकाव दिखा चुके हैं। ऐसे में बिहार की सियासत में लगातार बदलते समीकरण आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गर्मी को और बढ़ा रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर मुकेश साहनी दोबारा NDA में शामिल होते हैं, तो यह न सिर्फ वोट बैंक पर असर डालेगा, बल्कि महागठबंधन की रणनीति को भी धक्का लगेगा। फिलहाल न बीजेपी और न ही VIP की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ हो सकती है।