Bihar Weather Update: बिहार में पिछले एक हफ्ते से कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है। राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान 4.3°C तक गिर गया, जिससे शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अब मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
हवा की दिशा में बदलाव से राहत की उम्मीद
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि फिलहाल पहाड़ों पर कोई विशेष हलचल नहीं है और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं है। इस वजह से अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसका कारण हवा की दिशा में बदलाव है। अब पछुआ हवाओं के बजाय पुरवैया हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड कुछ कम महसूस हो सकती है।
उत्तर पश्चिम भारत में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर एक जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जो 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। इसके अलावा, बिहार में हवा की दिशा बदलने से ठंडक में थोड़ी कमी आएगी। हालांकि, सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।
राज्य में तापमान और कोहरा
बिहार मौसम सेवा केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, अरवल, गया, औरंगाबाद, रोहतास और भोजपुर जिलों में ठिठुरन भरी स्थिति बने रहने की संभावना है। राज्य का न्यूनतम तापमान 08-12°C के बीच रहने की उम्मीद है। अगले दो दिनों में तापमान में 2-3°C की वृद्धि हो सकती है। वहीं, पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, बक्सर, पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, मधेपुरा, जमुई, भागलपुर और किशनगंज में देर रात और सुबह मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
जिला | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) | AQI |
---|---|---|---|
पटना | 24.8 | 12.2 | 290 |
मुजफ्फरपुर | 26.4 | 10.6 | 193 |
गया | 24.7 | 8.8 | 139 |
पूर्णिया | 28.0 | 10.0 | 178 |
भागलपुर | 25.3 | 10.6 | 153 |
पश्चिम चंपारण | 25.2 | 12.6 | 164 |
डेहरी | 25.8 | 5.0 | 245 |
तापमान में वृद्धि जारी
15 दिसंबर की तुलना में 16 दिसंबर को दिन और रात के तापमान में 3°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह बढ़ोतरी आगे भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि ठंड का प्रकोप अभी खत्म नहीं होगा, लेकिन सर्दी तुलनात्मक रूप से कम महसूस होगी।