बिहार

Bihar Weather: आज से मानसून पकड़ेगा जोर अगले चार दिनों तक होगी झमाझम बारिश; चार जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

Bihar Weather: पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में रविवार से तेजी आएगी। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिसंख्य जिलों में मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। कुछ जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात व बिजली चमकने का अलर्ट है।

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के चार जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में भारी वर्षा की चेतावनी है। पटना समेत प्रदेश के शेष भाग में बादल छाए रहने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी।

अगले सप्ताह में प्रदेश में अच्छी वर्षा के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, सिद्धि, बालासोर से होते हुए उत्तर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है।

24-48 घंटों के दौरान मानसून प्रभावकारी होकर बिहार से होकर गुजरेगा। इस दौरान अच्छी वर्षा होगी, खेती किसानी करने वालों को इसका लाभ मिलेगा।

शनिवार को पटना व इसके आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम में गरज-तड़क के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहाना रहा। बीते 24 घंटों के दौरान सिवान के सिसवन में 54.2 व पटना में 22.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मुजफ्फरपुर में बूंदाबांदी

वहीं, मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो सुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। दिन में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री पार कर गया।

जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री पर पहुंचा। यह सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री पर रहा। यह सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा।

अलर्ट रहें, वर्षा में भी न होने दें जलजमाव

वहीं, नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए शनिवार को कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने ने कहा कि यह आपका दायित्व है कि भारी वर्षा के बाद भी पटना में जलजमाव न होने दें।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार पटना में नौ, 10 और 11 जुलाई को भारी वर्षा हो सकती है। सभी तैयारी कर लें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Back to top button