बिहार

BIHAR: दुल्‍हन को ब्‍यूटी पार्लर में मारी थी गोली, 18 घंटे में पकड़ाया एकतरफा आशि‍क; बिहार पुलिस का जवान है आरोपी

मुंगेर: 21 मई की रात कासिम बाजार स्थित एक ब्यूटी पार्लर में शादी से कुछ घंटे पहले अपूर्वा कुमारी को बिहार पुलिस के जवान अमन कुमार ने गोली मार दी थी। जवान की पटना में तैनाती थी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ब्यूटी पार्लर में लगे सीसीटीवी फुटेज में गोली मारने वाले जवान की पहचान की। मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। ऐसे में पुलिस कप्तान जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने आरोपित जवान की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई। टीम में कोतवाली, कासिम बाजार और मुफस्सिल थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। टीम को 48 घंटे के अंदर आरोपित जवान को गिरफ्तार करने का टास्क दिया गया था।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने घटना के 18 घंटे के अंदर आरोपित जवान को किला परिसर से गिरफ्तार कर लिया। जवान से पूछताछ की जा रही है। आरोपित जवान की गिरफ्तारी सूचना मुख्यालय को भेज दी गई है। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि कि वह अपूर्वा से एकतरफा प्यार करता था। युवती की शादी की सूचना पर उसने हत्या करने की साजिश रची थी। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि18 मई को अमन को पता चला अपूर्वा की शादी हो रही है। इस सूचना पर अमन ट्रेन से मुंगेर स्थित अपना घर तारापुर दियारा महेशपुर पहुंचा।

घर पहुंचने के बाद अमन लगातार अपूर्वा से मिलने का प्रयास करता रहा, पर इसमें सफल नहीं हो सका। अमन अपूर्वा को कई वर्षों से जान रहा था। अमन काे जानकारी मिली कि अपूर्वा की शादी 21 मई को मुंगेर शहर स्थित एक मैरेज हाल से होनी है। अमन को सूचना थी कि अपूर्वा शादी से पहले मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर जाएगी। इसके बाद अमन ब्यूटी पार्लर पहुंच गया। कुछ देर बाद पिस्तौल लोड कर जान से मारने की नीयत से अपूर्वा पर गोली चला दी।

खुद को गोली मारने का किया था प्रयास

पार्लर के कर्मचारियों ने बताया कि युवती के साथ ही युवक आया था। संवरने के दौरान युवती के पीछे ही युवक खड़ा था। कर्मियों ने बताया कि उन्हें लगा कि परिवार के सदस्य है। इस बीच अमन ने पिस्टल में गोली लोड की और युवती को पीछे से मार दिया। इसके बाद अमन ने भी खुद को गोली मारने का प्रयास किया, इसमें वह सफल नहीं रहा। कर्मियों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। इस बीच वह किसी तरह भाग निकला।

युवती की हालत खतरे से बाहर

गोली लगने से घायल हुई अपूर्वा की हालत अब खतरे से बाहर है। युवती का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने युवती के पिता का बयान दर्ज किया है। ब्यूटी पार्लर में लगे सीसीटीवी फुटेज में गोली मारे जाने की तस्वीर कैद है। युवती की शादी तारापुर दियारा के महेशपुर निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी अपूर्वा की शादी मय पंचायत के अरुण कुमार के पुत्र उत्तम कुमार से तय हुई थी। शादी समारोह शहर के मैरि‍ज हॉल में होना था। रविवार की रात बरात भी पहुंच गई थी, ले‍किन देर रात तक बरात वापस लौट गई, लड़केवालों ने लड़की के पिता को आश्वासन दिया है कि पूरी तरह स्वस्थ्य होने के बाद 28 मई को देवघर में मंदिर में शादी की रस्म पूरी होगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Back to top button