भागलपुर। नाथनगर स्थित स्कूल से घर जा रही दो छात्राओं के साथ बुधवार को बाइक सवार दो शोहदों ने छेड़खानी की। छात्राओं की शिकायत पर ग्रामीणों में उनमें से एक को पकड़ लिया और बांधकर धुनाई कर दी। दूसरा लड़का भाग निकला।
इसी दौरान सूचना पर आरोपी को छुड़ाने के लिए 30-40 युवक पहुंच गए और ग्रामीणों पर पथराव कर दिया। जवाब में ग्रामीणों ने भी ईंट-पत्थर चलाए। दोनों ओर से हुई रोड़ेबाजी में कई लोग जख्मी हो गए। आधे घंटे के लिए नाथनगर का स्टेशन रोड रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
अनहोनी की आशंका से दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा लिए। आरोपी लड़का मधुसूदनपुर इलाके का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही नाथनगर थाने की पुलिस सीआइएटी की टीम के साथ पहुंची। दोनों तरफ से पथराव होते देख पुलिस तत्काल एक्शन में आई और दो लड़कों को हिरासत में लिया।
पुलिस मशक्कत बाद स्थिति काबू में आया। शोहदों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर कैंप कर रही पुलिस टीम ने बुद्धिजीवियों व शांति समिति के लोगों को बुलाया और घटना को लेकर विमर्श किया।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जिस लड़के को पोल में बांधा गया था, उपद्रवी पथराव करके उसे छुड़ा ले गए। उसी पर छेड़खानी का आरोप है। – मु. महताब खान, नाथनगर थानाध्यक्ष